उत्तराखण्ड

केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने कहा- अफगानिस्तान में सभी भारतीय सुरक्षित; केंद्र सरकार वहां के घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है

देहरादून। अफगानिस्तान के घटनाक्रम पर केंद्र सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। वहां सभी भारतीय सुरक्षित हैं और उनकी वापसी का क्रम भी शुरू हो गया है। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री अजय भट्ट ने सोमवार रात प्रदेश भाजपा मुख्यालय में पत्रकारों के सवाल के जवाब में यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार अफगानिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों की पल-पल की सूचना ले रही है। साथ ही उनका ख्याल रख रही है।

भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों में देश सुरक्षित है। सीमाएं सुरक्षित हैं। देश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है। विपक्ष के समझदार नेता भी मानते हैं कि भारत को मोदी की जरूरत है। उन्होंने कहा कि रक्षा समेत हर क्षेत्र में देश आत्मनिर्भर हो रहा है। बेटियों को भी सैनिक स्कूलों में पढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रक्षा क्षेत्र में जल-थल व नभ में हम आत्मनिर्भर हो रहे हैं। पहले छोटे-छोटे उपकरण भी आयात होते थे, मगर आज हम निर्यात कर रहे हैं।

कृषि कानूनों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ लोग इन्हें लेकर गलतफहमी पैदा कर रहे हैं, मगर जो इन कानूनों के बारे में जानते हैं वे इसकी तारीफ कर रहे हैं। कृषि उत्पादों को एक से दूसरी जगह भेजने को मालगाड़ी के लिए अलग ट्रैक बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि देश यूं ही हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर होता रहे, इसीलिए जनता से आशीर्वाद मांगने आए हैं।भट्ट ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड वीरभूमि होने के साथ ही पर्यटन का हब भी है।

राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यहां के स्थलों की पहचान है। देश-विदेश के लोग यहां के धार्मिक स्थलों में आकर पुण्य अर्जित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में कोविड के कारण दुखदायी स्थिति है। इसे देखते हुए राज्य में प्रदेश सरकार ने पर्यटन क्षेत्र को पैकेज दिया, जिससे स्थिति सुधर रही है। इसी तरह केंद्र ने भी कई क्षेत्रों में पैकेज दिए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ भी थपथपाई और कहा कि राज्य में किसी भी समस्या की जड़ तक पहुंचकर इसका निदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उम्मीद जताई कि केंद्रीय राज्यमंत्री भट्ट केंद्र और राज्य के बीच समन्वय का काम करेंगे। भट्ट केंद्र में प्रदेश की ठोस पैरवी करेंगे और यहां के जो भी प्रस्ताव हैं और जो जाएंगे, उन पर वह तुरंत निर्णय कराएंगे। उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन और तेजी से काम करेगा।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर जनता और खासकर युवाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की दृष्टि से भाजपा ने ‘युवा राज्य-युवा मुख्यमंत्री और 60 प्लस सीट’ का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि इसे पार्टी कार्यकर्त्ता पूरी ताकत से हासिल करेंगे। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह रावत आदि मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button