national

यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का त्रयोदशी संस्कार के खास इंतजाम किए गए, सीएम योगी आदित्यनाथ समेत पहुंचेंगे दिग्गज नेता

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का त्रयोदशी (अरष्टि) संस्कार के खास इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को अलीगढ़ में अतरौली के केएमबी इंटर कालेज में होने वाले इस कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि सभा भी होगी। इसमें देश के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। श्रद्धांजलि सभा में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की संभावना है। भोज के लिए 40 हजार से अधिक लोगों का खाना तैयार करने में सात सौ कारीगर जुटे हुए हैं। प्रशासन भी तैयारियों में जुटा है।

कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा, सुरेश खन्ना व सूर्यप्रताप शाही समेत केंद्र व राज्य के कई अन्य मंत्रियों का आना तय माना जा रहा है। केंद्र व राज्य सरकार के मंत्री सड़क मार्ग से आएंगे। वहीं, सीएम व राज्यपाल हेलीकाप्टर से आएंगे।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम : मंगलवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे ने अन्य पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। दोपहर हुई बरसात से तैयारियां प्रभावित हुई हैं। रात तक व्यवस्थाएं बनाने में कर्मचारी व अधिकारी जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल को पांच जोन व 12 सेक्टरों में बांटा गया है। 40 से अधिक मजिस्ट्रेटों के अलावा मंडल के तीन हजार पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया है। बुधवार की सुबह से ही क्वार्सी चौराहे से कोई भी भारी वाहन अतरौली की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। अलीगढ़ के धनीपुर हवाई अड्डे से अतरौली के कार्यक्रम स्थल तक प्रशासन ने तैयारियां की हैं।

सवा एक बजे आएंगे सीएम, उससे पहले पहुंचेंगे कलराज : सीएम योगी आदित्यनाथ 12 बजे लखनऊ से अलीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगे। दोपहर 1:25 बजे उनका हेलीकाप्टर कार्यक्रम स्थल से आधा किलोमीटर दूर महर्षि दयानंद इंटर कालेज में उतरेगा। डेढ़ से ढाई बजे तक श्रद्धांजलि सभा में रुकेंगे। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र का हेलीकाप्टर 12:44 बजे अतरौली में बने हेलीपैड पर उतरेगा। वे करीब एक घंटे कार्यक्रम में रुकेंगे। उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य सुबह 8:30 बजे दिल्ली से कार द्वारा अतरौली के लिए रवाना होंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button