उत्तराखण्ड

उत्तराखंड में हो सकती है बर्फबारी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट

बारिश और बर्फबारी से समूचा उत्तराखंड ठिठुर रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर दूसरे दिन भी जारी रहा। बदरीनाथ, केदारनाथ के साथ हेमकुंड साहिब में रुक-रुक कर बर्फ गिर रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री में दिनभर बादल छाए रहे। जबकि, मैदानी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी ने ठंड में इजाफा किया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में भारी हिमपात की आशंका है। मौसम के मिजाज को देखते हुए विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

रविवार को प्रदेश में पहाड़ से लेकर मैदान तक दिनभर बादल छाए रहे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली इजाफा जरूर हुआ है, लेकिन बर्फीली हवा कंपकंपी छुटा रही हैं। केदारनाथ में रविवार को भी बर्फबारी जारी रही। यहां आधा फीट से अधिक बर्फ की चादर बिछ चुकी है। दूसरी ओर कुमाऊं के पिथौरागढ़ जिले में कालामुनि से लेकर बलाती तक हिमपात हो रहा है। पिंडर घाटी क्षेत्र में भी बर्फ गिरी है। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक बुधवार तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। हालात के मद्देनजर राज्य सरकार को एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें हिमपात की संभावना वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

दून में धूप की आंख-मिचौनी ने किया बेचैन

दून में दूसरे दिन भी बादलों के बीच सूर्य की आंख-मिचौनी जारी रही। बादलों के डेरे के बीच सर्द हवाएं दिनभर कंपकंपाती रहीं। जबकि, दोपहर बाद कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे दिन के समय भी शहर में अलाव जलते नजर आए। बाजार की रौनक सामान्य रही। बाहरी पर्यटकों की आवाजाही का सिलसिला भी जारी है। कुछ पर्यटक सप्ताहांत मनाकर लौटे तो कुछ बर्फबारी की आस लगाए मसूरी-चकराता को रवाना हुए।

वभिन्न शहरों में तापमान

शहर       अधि.      न्यून.

देहरादून     21.2     09.3

उत्तरकाशी   12.7     04.8

मसूरी       12.6     06.0

टिहरी       12.8     06.2

हरिद्वार      18.8     11.6

जोशीमठ    06.5     03.2

पिथौरागढ़   15.4     04.8

अल्मोड़ा    16.7     02.3

मुक्तेश्वर    07.5     06.3

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button