national

मानसून ने एक दिन पहले मुंबई में दी दस्तक, झमाझम बारिश, हाई टाइड आने की संभावना

मुंबई, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक दिन पहले बुधवार को मुंबई में दस्तक दे दी। मौसम विभाग (IMD) ने इसकी जानकारी दी है। देश की वित्तीय राजधानी और उपनगरों में सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। कुछ इलाकों में जल-जमाव की भी सूचना है। इससे लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। वहीं कुछ बेस्ट बसों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने कहा है कि अरब सागर में दोपहर के आसपास चार मीटर से अधिक की हाई टाइड आने की संभावना है। ऐसे में अगर बारिश जारी रही तो मुंबई के लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।

शहर में मंगलवार रात से ही बारिश हो रही है। आइएमडी मुंबई कार्यालय के प्रमुख डॉ जयंत सरकार ने कहा कि आज मुंबई में मानसून का आगमन हो गया है। शहर और उपनगरों के कई हिस्सों में सुबह गरज के साथ भारी बारिश हुई। आइएमडी के अनुसार, कोलाबा में 77.4 मिली मीटर बारिश हुई, जबकि सांताक्रूज़ में पिछले 24 घंटों में 59.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इससे पहले सोमवार को आइएमडी ने मुंबई महानगरीय क्षेत्रों सहित कोंकण के सभी जिलों में 9 से 12 जून तक चार दिनों के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी।

हाई टाइड आने की संभावना

बीएमसी के अनुसार, बुधवार को सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में द्वीप शहर, पूर्वी उपनगरों और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 48.49 मिमी, 66.99 मिमी और 48.99 मिमी  बारिश दर्ज की गई। बीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि सुबह 11.43 बजे 4.16 मीटर की हाई टाइड आने की संभावना है। आइएमडी ने शहर में मध्यम बारिश और गरज के साथ बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है।  अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भी संभावना है। आइएमडी ने शनिवार को महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की पुष्टि की थी।

सड़कों और रेलवे ट्रैक पर पर जलभराव

मुंबई में भारी बारिश होने के बाद कई जगह सड़कों पर जलभराव हो गया है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में ट्रैफिक जाम हो गया है। सायन रेलवे स्टेशन और जीटीबी नगर रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया है। कुर्ला और सीएसएमटी के बीच मुंबई लोकल ट्रेन सेवाएं एहतियात के तौर पर रोक दी गई हैं। पानी कम होते ही सेवाएं बहाल हो जाएंगी। मध्य रेलवे सीपीआरओ ने जानकारी दी है कि चूनाभट्टी रेलवे स्टेशन के पास भारी बारिश और जलभराव के कारण सीएसएमटी-वाशी के बीच हार्बर लाइन पर सुबह 10.20 बजे से ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं। सायन-कुर्ला खंड में जलभराव के कारण मेन लाइन पर सुबह 10.20 बजे से सीएसएमटी-ठाणे से सेवाएं रोक दी गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button