मनोरंजन

आठ महीनों के लम्बे समय के बाद रिलीज़ हुई मनोज बाजपेयी की फ़िल्म, जाने पहले दिन कितनी हुई कमाई

कोरोना वायरस पैनडेमिक के चलते लगभग आठ महीनों के लम्बे अंतराल के बाद रविवार (15 नवम्बर) को सूरज पे मंगल भारी सिनेमाघरों में उतरी। 15 अक्टूबर को केंद्र सरकार द्वारा सिनेमाघर खोलने की इजाज़त मिलने के बाद रिलीज़ होने वाली यह पहली नई बॉलीवुड फ़िल्म है। सिनेमाघरों की तालाबंदी टूटने के बाद सिनेमाघर मालिक पुरानी फ़िल्में लगाकर दर्शकों को बुलाने की कोशिशों में जुटे थे।

आम तौर पर बॉलीवुड फ़िल्में शुक्रवार को रिलीज़ होती हैं, मगर सूरज पे मंगल भारी दिवाली के एक दिन बाद गोवर्द्धन पूजा के मौक़े पर रिलीज़ की गयी। फ़िल्म का पहला दिन ज़्यादा उत्साहवर्द्धक नहीं रहा। हालांकि, सकारात्मक पहलू यह है कि थोड़े ही सही मगर दर्शक फ़िल्म देखने सिनेमाघरों में पहुंचे। बॉलीवुड हंगामा वेबसाइट के अनुसार, लगभग 800 स्क्रींस पर रिलीज़ हुई सूरज पे मंगल भारी ने 80 लाख रुपये का नेट कलेक्शन पहले दिन किया। अगर, कोरोना वायरस पैनडेमिक ना होता तो यह आंकड़ा कहीं अधिक रहता।

बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा सिनेमाघरों को जारी विशेष गाइडलाइंस के तहत थिएटर्स को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोला गया है। ज़ाहिर है, इसका असर कलेक्शंस पर पड़ेगा, मगर सिनेमाघरों की फ़िलहाल कोशिश दर्शकों को थिएटर्स तक लाने की है। देश के कई राज्यों में कोविड-19 के केस अभी भी बढ़ रहे हैं। इन राज्यों में दर्शक एहतियातन बाहर नहीं निकल रहे हैं। ओवरसीज़ में भी सूरज पे मंगल भारी के कलेक्शंस काफ़ी कम रहे। अमेरिका में 20 स्क्रींस से 1.19 लाख रुपये मिले तो कनाडा में 5 स्क्रींस से 7.22 लाख रुपये का कारोबार हुआ।

मुंबई में हुए शो कैंसिल

सोमवार को मुंबई के गेटी गैलेक्सी और मराठा मंदिर सिनेमाघरों में कम दर्शक होने की वजह से शो कैंसिल करने की ख़बर है। टाइम्स ऑफ़ इंडिया वेबसाइट के मुताबिक, इन सिनेमाघरों में आम तौर पर कम से कम 30 दर्शक होने पर शो जारी किया जाता है, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए सिनेमाघर प्रबंधन ने यह सीमा 15 दर्शक कर दी। इसके बावजूद शो कैंसिल करने पड़े।

सूरज पे मंगल भारी को अभिषेक शर्मा ने निर्देशित किया है। फ़िल्म में मनोज बाजपेयी, दिलजीत दोसांझ और फ़ातिमा सना शेख़ मुख्य भूमिकाओं में हैं। मनोज बाजपेयी ने फ़िल्म में एक वेडिंग डिटेक्टिव का किरदार निभाया है, जो शादी से पहले लड़का या लड़की की जासूसी करता है। फ़िल्म को अधिकतर क्रिटिक्स का पॉज़िटिव रिस्पॉन्स मिला है।

भारत में कोरोना वायरस पैनडेमिक के प्रसार से पहले आख़िरी रिलीज़ इरफ़ान ख़ान, राधिका मदान और करीना कपूर की अंग्रेज़ी मीडियम है, जो 13 मार्च को सिनेमाघरों में आयी थी। मध्य मार्च से कोविड-19 के चलते सिनेमाघर बंद होने शुरू हो गये थे। दिल्ली में पहले 31 मार्च तक सिनेमाघर बंद किये गये थे। केस बढ़ने के साथ सिनेमाघरों के बंद रहने की अवधि भी बढ़ती गयी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button