उत्तरप्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आएंगे रामपुर, सुरक्षा में दो हजार जवान तैनात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रामपुर आएंगे। वह रठौंडा में जनसभा को संबोधित करेंगे। करीब एक घंटा रुकने के बाद यहां से प्रस्थान कर जाएंगे। मुख्यमंत्री 2:50 बजे हैलीपेड से रठौंडा पहुंचेंगे। यहां किसान मेला स्थल पर जनसभा होगी, जिसमें 2:55 बजे मुख्यमंत्री पहुंच जाएंगे।

जनसभा को संबोधित करने के बाद 3:55 बजे वापस चले जाएंगे। भाजपा की जन विश्वास यात्रा शनिवार को रामपुर पहुंच रही है, जिसका समापन रठौंडा में होगा। बिजनौर से शुरू हुई यह यात्रा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 16 जिलाें में घूमने के बाद रठौंडा पहुंचेगी। इस मौके पर विशाल जनसभा होगी, जिसे मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।

मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगेंगे दो हजार जवान, डीएम-एसपी ने दिए सतर्क रहने के निर्देश : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा में दो हजार जवान लगाए गए हैं, जो चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेंगे। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ और पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने सभी जवानों को ड्यूटी के दौरान पूरी तरह सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। भाजपा की जन विश्वास यात्रा रामपुर में समाप्त हो रही है। यह यात्रा बिजनौर से शुरू हुई थी। यात्रा के समापन पर मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे। वह रठौंडा शिव मंदिर के सुंदरीकरण का शिलान्यास करेंगे। बाद में रठौंडा मैदान में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। उनके आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दो हजार जवानों को लगाया गया है। जिले के अलावा मंडल के दूसरे जिलों से भी पुलिस फोर्स लगाई जाएगी। चार अपर पुलिस अधीक्षक, 10 सीओ और 30 थाना प्रभारी तैनात किए गए। 200 से ज्यादा दारोगा और 1200 सिपाही भी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी और फायर सर्विस के जवान भी मुख्यमंत्री की सुरक्षा में रहेंगे। सुरक्षा-व्यवस्था डयूटी में लगे पुलिस बल को ग्राम रठौंडा में डीएम और एसपी ने ब्रीफ किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button