उत्तराखण्ड

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक बार फिर दिल्ली दौरे पर, उत्‍तराखंड के लिए मांगेंगे मदद

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एक बार फिर दिल्ली जा रहे हैं। दो दिन के दिल्ली प्रवास के दौरान वह गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। करीब सवा माह के अब तक के कार्यकाल में मुख्यमंत्री का यह तीसरा दिल्ली दौरा है। माना जा रहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर वह पर्यटन, सीमांत क्षेत्रों के विकास समेत अन्य विषयों पर केंद्र से कुछ सौगात देने का आग्रह कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री धामी मंगलवार दोपहर में दिल्ली के लिए रवाना होंगे। मंगलवार को उनका दिल्ली में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी समेत अन्य केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात का कार्यक्रम है। बुधवार को वह गृह मंत्री अमित शाह के अलावा अन्य मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह पर्यटन, जल जीवन मिशन, सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम समेत राज्य और राज्यवासियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर केंद्रीय मंत्रियों से चर्चा करेंगे।

सियासी गलियारों में मुख्यमंत्री के दो दिनी दिल्ली दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री केंद्र से राज्य के कुछ नई योजनाओं की मांग कर सकते हैं, जिसका फायदा चुनाव में मिले। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत वह केंद्रीय मंत्रियों से कुछ टिप्स भी ले सकते हैं।

वजह ये कि जिन परिस्थितियों में धामी मुख्यमंत्री बने हैं, उसमें उनके लिए काम करने के लिए वक्त काफी कम है। छह-सात माह बाद राज्य में विधानसभा चुनाव होने हैं। जाहिर है कि चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री के सामने खुद को साबित करने की चुनौती भी है। ऐसे में केंद्रीय योजनाएं चुनाव में बड़ा संबल बन सकती है।

20 व 21 को दून में नड्डा की क्लास

प्रदेश में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी बेहद गंभीरता से ले रहा है। इस कड़ी में उत्तराखंड के प्रवास पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 20 व 21 अगस्त को देहरादून में भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व के साथ ही विभिन्न विषयों पर मंथन करेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा के दौरा फाइनल होने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि दो दिन के प्रवास के दौरान राष्ट्रीय करीब 10 बैठकें लेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button