मनोरंजन

अंकिता लोखंडे ने दिया जलाकर किया सुशांत को याद, आज के दिन हुआ था निधन

सुशांत सिंह राजपूत के निधन को आज (14 जुलाई) ठीक एक महीना हो गया। 14 जून को सुशांत ने अपने मुंबई स्थित आवास पर आत्महत्या कर ली थी, जिसके बाद लगातार उनको याद करने का सिलसिला जारी है। सुशांत के निधन से पूरी इंडस्ट्री और फैंस को जबरदस्त सदमा लगा। ख़ासकर ऐसे लोग, जो उनके क़रीब थे, बुरी तरह टूट गये थे। ऐसे लोगों में उनकी एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे शामिल हैं, जिनके साथ सुशांत लम्बे अर्से तक रिलेशनशिप में रहे थे। एक महीने से अंकिता सोशल मीडिया से दूर थीं और अब इंस्टाग्राम पर लौटी हैं।

अंकिता ने सुशांत के निधन के बाद अब पहली बार पोस्ट किया है। उन्होंने मंदिर के सामने जलते हुए एक दीये की तस्वीर पोस्ट की और इसके साथ लिखा- चाइल्ड ऑफ़ गॉड। अंकिता, दोस्त संदीप सिंह के साथ सुशांत के पिता से मिलने उनके घर भी गयी थीं। अंकिता और सुशांत ने टीवी धारावाहिक पवित्र रिश्ता में साथ काम किया था और दोनों के बीच गहरी दोस्ती हो गयी थी। 6 साल की रिलेशनशिप के बाद 2016 में दोनों का ब्रेकअप हुआ था।

उधर, सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड केस की मुंबई पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुशांत के निधन की वजह दम घुटना बतायी गयी थी। कोई सुसाइड नोट नहीं मिला था। पुलिस सुशांत के केस की जांच व्यावसायिक रंजिश के एंगल से भी कर रही है। कहीं किसी व्यावसायिक दबाव के चलते तो सुशांत को यह क़दम उठाने के लिए मजबूर नहीं होना पड़ा।

इस मामले में पुलिस अब तक 30 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें सुशांत की आख़िरी फ़िल्म दिल बेचारा के निर्देशक मुकेश छाबड़ा, एक्ट्रेस संजना सांघी, सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती, उनके प्रोड्यूसर दोस्त संदीप सिंह, फ़िल्ममेकर संजय लीला भंसाली शामिल हैं। पुलिस ने सुशांत का यशराज बैनर के साथ कॉन्ट्रेक्ट संबंधी कागजात भी तलब किये थे। सुशांत सिंह राजपूत की आख़िरी फ़िल्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज़ हो रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button