उत्तराखण्ड

राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज उत्तराखंड पहुंची, भाजपा विधायकों व सांसदों के साथ बैठक में भाग लेंगी

देहरादून : राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू आज उत्तराखंड पहुंची हैं। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार मुर्मू इन दिनों समर्थन जुटाने के उद्देश्य से राज्यों का दौरा कर रही हैं। इसी क्रम में वह सोमवार को देहरादून आईं हैं।

वह सुबह 10 बजे देहरादून पहुंचीं। इस दौरान जनजातीय सांस्कृतिक टीम की ओर से राष्ट्रपति उम्मीदवार का स्वागत किया गया। झारखंड की पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कचहरी स्थित शहीद स्थल पर पहुंचकर बलिदानी आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राजसभा सदस्य अनिल बलूनी आदि मौजूद रहे। देहरादून वह भाजपा विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगी। दोपहर में वह बंगाल के लिए रवाना हो जाएंगी।

मुख्य सेवक सदन में सांसदों व विधायकों के साथ करेंगी बैठक

मुर्मू सुबह 10 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचीं। इस दौरान उनका भव्‍य स्‍वागत किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक सहित पार्टी सांसद और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। वह मुख्य सेवक सदन में सांसदों व विधायकों के साथ बैठक कर रही हैं। बैठक में मुख्यमंत्री धामी समेत भाजपा के सभी 47 विधायक और राज्य के लोकसभा व राज्यसभा के सभी आठ सांसद उपस्थित हैं।

राज्यपाल से मिले कोश्यारी, विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा

महाराष्ट्र के राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने रविवार को राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) से मुलाकात की। इस दौरान दोनों राज्यपालों के मध्य उत्तराखंड से संबंधित विभिन्न सम-सामयिक विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि कोश्यारी का उत्तराखंड के प्रति लगाव प्रशंसनीय है। उनके अनुभव से राज्य के बारे में बहुत कुछ जानने को मिलता है।

खंडूड़ी ने राज्यपाल कोश्यारी से लिया आशीर्वाद

विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के यहां स्थित आवास पर मुलाकात की। उन्होंने कोश्यारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनसे आशीर्वाद लिया। कोश्यारी ने उत्तराखंड विधानसभा की पहली महिला अध्यक्ष बनने पर खंडूड़ी को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राज्यपाल कोश्यारी ने हाल में संपन्न हुए विधानसभा के बजट सत्र में सदन संचालन एवं कार्यवाही से संबंधित विषयों की जानकारी भी ली। उधर, भीमताल से भाजपा विधायक राम सिंह कैड़ा ने भी महाराष्ट्र के राज्यपाल से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन लिया। साथ ही भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दाें पर चर्चा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button