national

यूपी में विधानसभा चुनाव के रण में उतरने की कसरत में जुटी कांग्रेस, परिवारवाद और वंशवाद के आरोपों पर पलटवार करेगी

लखनऊ भारतीय जनता पार्टी की ओर से परिवारवाद और वंशवाद के आरोपों के हमले झेल रही कांग्रेस अब भगवा दल पर उसी अंदाज में पलटवार करने की तैयारी कर रही है। देश के विकास को बंधक बनाये रखने और भारत के सामरिक सामर्थ्य की उपेक्षा रूपी आलोचनाओं के मोर्चों पर भी वह भाजपा पर जवाबी हमला करेगी।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के रण में उतरने की कसरत में जुटी कांग्रेस अपने खिलाफ भाजपा के इस कथित दुष्प्रचार से आक्रामक तरीके से मुकाबिल होने की तैयारी कर रही है। भाजपा पर जवाबी हमले के लिए कांग्रेस अपने संगठन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित भी कर रही है। कांग्रेस ने इसके लिए ‘हम कांग्रेस के लोग-दुष्प्रचार और सच’ नामक एक बुकलेट तैयार करायी है। इस बुकलेट का वितरण कांग्रेस के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में किया जा रहा है।

इस बुकलेट की मदद से कांग्रेस परिवारवाद और वंशवाद को लेकर भाजपा को कठघरे में खड़ा करेगी। वह लोगों को बताएगी कि उस पर लगाया जा रहा परिवारवाद का आरोप झूठा है, क्योंकि आजादी के बाद कांग्रेस अध्यक्ष रहे आचार्य जेबी कृपलानी, पट्टाभि सीतारमैया, पुरषोत्तम दास टंडन, उच्छंगराय नवल शंकर ढेबर, नीलम संजीव रेड्डी, के.कामराज, एस.निजलिंगप्पा, जगजीवन राम, शंकरदयाल शर्मा, देवकांत बरुआ, पीवी नरसिंहा राव और सीताराम केसरी नेहरू-गांधी परिवार से बाहर के लोग थे।

कांग्रेस जनता को उदाहरण सहित यह बताने से भी नहीं चूकेगी कि वंशवाद कांग्रेस में नहीं भाजपा में पनप रहा है। इसके लिए कांग्रेस ने भाजपा के उन बड़े नेताओं की सूची बनायी है, जिनकी संतानें कमल दल में विधायक, सांंसद और केंद्र व राज्यों की भाजपा सरकारों में मंत्री हैं। मिसाल के तौर पर केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह नोएडा से भाजपा विधायक हैं और पार्टी के प्रदेश महामंत्री भी। दिवंंगत भाजपा नेता कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह पार्टी के सांसद और पौत्र संदीप सिंह योगी सरकार में राज्य मंत्री हैं। लालजी टंडन के पुत्र आशुतोष टंडन भी योगी सरकार में मंत्री हैं

इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और उनके पुत्र केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रमोद महाजन और उनकी पुत्री पूनम महाजन, गोपीनाथ मुंडे और उनकी पुत्री पंकजा मुंडे, वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह आदि के नाम शामिल हैं। विकास के मुद्दों पर अपनी उपलब्धियों के बखान के साथ वह लोगों को यह भी बताएगी कि देश को शिक्षा, सूचना, भोजन का अधिकार कांग्रेस ने दिया और और मनरेगा के जरिये काम की गारंटी भी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button