मनोरंजन

होटल में मृत पाया गया मशहूर वीजे-अभिनेत्री का मृत शरीर, कुछ अर्सा पहले हुई थी सगाई

दक्षिण भारत की चर्चित एक्ट्रेस और वीजे चित्रा के सुसाइड करने की ख़बर आ रही है। चित्रा का मृत शरीर चेन्नई के बाहर एक होटल में मिला था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चित्रा की कुछ अर्सा पहले ही सगाई हुई थी। अभिनेत्री के निधन से दक्षिण भारतीय मनोरंजन इंडस्ट्री में शोक छा गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार, चित्रा महज़ 28 साल की थीं। चेन्नई के नाज़रेथपेट्टई (Nazarethpettai) इलाक़े के एक होटल में उनका मृत शरीर मिला था। पुलिस मौत की वजह तलाश रही हैं। चित्रा ने हाल ही में मशहूर बिज़नेसमैन हेमंत राव के साथ सगाई की थी। बताया जाता है कि चित्रा अपने मंगेतर के साथ ही रहती थीं।

एबीपी न्यूज़ की रिपोर्ट के अनुसार, चित्रा रात ढाई बजे होटल लौटी थीं। वो ईवीपी फ़िल्म सिटी में शूटिंग कर रही थीं। होटल में उनके मंगेतर भी साथ थे। हेमंत ने पुलिस को बताया कि होटल आने के बाद चित्रा नहाने गयीं, लेकिन काफ़ी देर तक जब नहीं लौटीं और दरवाज़ा खटखटाने पर जवाब नहीं दिया तो उन्होंने होटल स्टाफ को सूचित किया। डुप्लीकेट चाबी से दरवाज़ा खोला तो उनका शव छत से लटका मिला। बताया जाता है कि चित्रा डिप्रेशन में थीं। इसी के चलते उन्होंने यह दुखद क़दम उठाया।

चित्रा ने तमिल इंडस्ट्री में कई चैनल्स पर प्रस्तोता के रूप में काम किया था। फ़िलहाल वो पांडियान स्टोर्स धारावाहिक में नज़र आ रही थीं। उन्होंने अपने किरदार मुल्लई के ज़रिए लम्बी फैन फॉलोइंग तैयार कर ली थी। चित्रा सोशल मीडिया में भी सक्रिय थीं। इंस्टाग्राम पर उनके 15 लाख फॉलोअर्स हैं। चित्रा की आख़िरी इंस्टाग्राम पोस्ट 14 घंटे पहले की है।

चित्रा के निधन से उनके फैंस को गहरा सदमा पहुंचा है। सोशल मीडिया के ज़रिए उन्होंने अपना दुख ज़ाहिर किया। इंस्टग्राम पर उनकी तस्वीरों पर फैन RIP लिखकर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। वहीं, ट्विटर पर एक फैन ने लिखा- आपको हमेशा प्यार करते रहेंगे और कभी नहीं भुला पाएंगे। सोने के दिल वाली लड़की थीं। ईश्वर आत्मा को शांति दे।

बता दें, इस साल कई सेलेब्रिटीज़ हमेशा के लिए छोड़कर चले गये। इनमें सुशांत सिंह राजपूत भी शामिल हैं, जिनका मृत शरीर उनके आवास पर मिला था। सुशांत की मौत को पुलिस ने सुसाइड माना था। हालांकि, इसकी अभी सीबीआई जांच चल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button