national

24 घंटों के दौरान दिल्ली पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत देश के अन्य कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है

नई दिल्ली, पिछले काफी दिनों से भीषण गर्मी, लू और उमस की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों को लिए थोड़ी राहत भरी खबर है। अगले 24-48 घंटे में मानसून सक्रिय होने वाला है। इसके लिए अनुकूल परिस्थितियां बननी शुरू हो गई। गुरुवार रात को हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज भी हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश समेत देश के अन्य कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

मानसून फिर एक्टिव होता दिखाई दे रहा है। मौसम की जानकारी देने वाली स्काई मेट वेडर के अनुसार लगभग 4 सप्ताह तक स्थिर रहने के बाद मानसून के आगे बढ़ने की उम्मीद है। आने वाले 3-4 दिनों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में अच्छी बारिश और गरज के साथ बौछारें देखने को मिलेगी। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे। तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। साथ ही रुक-रुक कर बारिश होगी।

उत्तर प्रदेश कुछ जिलों में भारी बारिश के आसार

कई दिनों से उमस व गर्मी का दंश झेल रहे लोगों को शुक्रवार को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार कुछ जनपदों में आज भारी बारिश के आसार हैं। हालांकि, लखनऊ समेत पूर्वी व पश्चिमी यूपी के कुछ जनपदों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने का अनुमान है। दिन में धूप के साथ बादल भी छाए रह सकते हैं। इस दौरान तापमान में भी कमी आने के संकेत हैं। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक था। इस वजह से लोग उमस से राहत नहीं पा सके।

अगले 24 घंटों के दौरान मौसम का हाल

अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड के कुछ हिस्सों, ओडिशा, दक्षिण और पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल के कुछ हिस्सों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, सिक्किम, बिहार, मध्य भागों और उत्तर प्रदेश की तलहटी, उत्तराखंड, आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों, मराठवाड़ा, लक्षद्वीप और तटीय आंध्र प्रदेश में भी बारिश की संभवाना है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों, मध्य महाराष्ट्र, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पंजाब, दिल्ली, दक्षिण गुजरात, रायलसीमा और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button