उत्तराखण्ड

कांग्रेस कार्यकर्त्‍ता कर रहे जनता की सेवा: प्रीतम सिंह

देहरादून। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष व देवभूमि मानव संसाधन विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह को पांच हजार मास्क, पांच सौ सैनिटाइजर व 25 आक्सीमीटर दिए।  शुक्रवार को राजपुर रोड स्थित कांग्रेस भवन में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के 31वें बलिदान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्त्‍ता कोरोनाकाल में जान हथेली पर रखकर जनता की सेवा में जुटे हैं। वहीं सत्ताधारी पार्टी के लोग कहीं नजर नहीं आ रहे हैं। उनके नेता अगर कहीं जा भी रहे हैं तो जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है।

प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने 19 अप्रैल से ही प्रदेश मुख्यालय में कोविड कंट्रोल रूम स्थापित किया व 20 अप्रैल से प्रदेश के सभी जनपदों में जिला कोविड कंट्रोल रूम बनाकर बीमारों की सेवा शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में पचास से ज्यादा एंबुलेंस, रामनगर में कोविड केयर सेंटर, कच्चा व पका हुआ भोजन का इंतजाम कर कांग्रेस कार्यकर्त्‍ता मानवता की असली सेवा कर रहे हैं।

इस दौरान सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि वह आने वाले दिनों में दस हजार मास्क व पांच हजार सैनिटाइजर जरूरतमंदों को वितरित करने के लिए पार्टी अध्यक्ष प्रीतम सिंह को भेंट करेंगे। उन्होंने इस कार्य में सहयोग के लिए हंस फाउंडेशन की माता मंगला का धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में मंगलौर के विधायक काजी निजामुद्दीन की ओर से भेजे गए पांच ऑक्सीजन कंसन्ट्रेटर प्रतिनिधियों ने प्रीतम सिंह को भेंट किए।

कांग्रेस महामंत्री गोदावरी थापली ने जरूरतमंदों को वितरण के लिए राशन की गाड़ी को झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में राजपुर के पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, प्रदेश सचिव नवीन पयाल, वरिष्ठ नेता महेश जोशी, व उदयवीर पंवार भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button