national

उत्तर प्रदेश के आगरा में दर्दनाक हादसा, डांस के वक्त मकान की छत ढहने से दो की मौत और 12 घायल

आगरा, उत्तर प्रदेश के आगरा में सोमवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। ताजगंज के धांधूपुरा गांव के आरपी नगर में जन्मदिन पार्टी की खुशी मातम में बदल गई। डीजे पर डांस करने के दौरान मकान की छत ढह गई। कोई 15 युवा मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो युवाओं की मृत्यु हो गई। हादसे के वक्त छत पर करीब 80 से ज्यादा युवक मौजूद थे।

घटना सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे की है। गांव के आरपी नगर निवासी सर्राफ गजेंद्र हरि वर्मा उर्फ सोनू वर्मा के परिचित अनिकेत चौधरी का जन्मदिन था। उसने जन्मदिन पार्टी के लिए सोनू वर्मा का मकान लिया था। रात साढ़े आठ बजे दो मंजिला मकान की छत पर पार्टी शुरू हुई। इसमें अनिकेत व उसके दोस्त थे। सभी डीजे लगाकर डांस कर रहे थे। करीब साढ़े नौ बजे अचानक भरभरा कर गर्डर की छत ढह गई। उसके मलबे से निचली मंजिल की छत भी गिर गई। कोई 15 लोग भी मलबे के साथ नीचे आ गए।

छत गिरने की आवाज से आसपास के लोग एकत्र हो गए, उन्होंने आनन-फानन में मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात अरुण निवासी नगला टीन व मनजीत निवासी ग्राम धांधूपुरा की मृत्यु हो गई, एक की हालत गंभीर बनी हुई है। डीएम प्रभु एन सिंह, एसएसपी मुनिराज समेत अन्य अधिकारी और दमकल वाहन पहुंच मौके पर पहुंच गए। उन्होंने राहत कार्यों का जायजा लिया। देर रात लखनऊ से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम भी आगरा पहुंच गई है।

डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मृत्यु हुई है। 12 घायल हैं। घायलों से पांच का उपाध्याय हास्पिटल में इलाज चल रहा है। अन्य सभी घायल डिस्चार्ज हो गए हैं। मृतकों के स्वजन व घायलों को आर्थिक सहायता देने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी गई हैं।

ये हुए घायल : जुबेर, सनी जाटव, अजीत, दिलीप जाटव, दीपक प्रजापति, विनोद, राजू पुत्र राजपाल आदि। सभी घायल आगरा निवासी हैं।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का रात में ही संज्ञान लिया है। उन्होंने डीएम व एसएसपी को मौके पर जाकर राहत कार्य अपनी निगरानी में चलवाने को कहा है। साथ ही सभी घायलों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा देने का आदेश दिया हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button